विश्व रक्तदाता दिवस पर बिलासा ब्लड बैंक में रक्तदाताओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

रायपुर, 14 जून 2019
श्री रावतपुरा सरकार लोक कल्याण ट्रस्ट के तहत संचालित बिलासा ब्लड बैंक की ओर से रायपुर, राजनांदगांव, कोरबा एवं बिलासपुर में ब्लड डोनेशन कैंप लगाए गए। जिनमें बड़ी संख्या में रक्तदाता स्वैच्छिक रक्तदान करने पहुंचे। इस अवसर पर आए लोगों ने रक्तदान देकर खुशी जाहिर की। रक्तदाताओं ने कहा कि अगर उनके दिये रक्त से किसी जरूरतमंद की जान बचती है तो मानव समाज की इससे बड़ी भलाई और क्या होगी।
इस अवसर पर बिलासा ब्लड बैंक के डायरेक्टर कर्नल श्रीधर उत्तरवार एवं उनकी टीम के सदस्य मौजूद रहे। कर्नल श्रीधर उत्तरवार ने कहा कि श्री रावतपुरा सरकार लोक कल्याण ट्रस्ट करीब डेढ़ दशक से मानव सेवा और लोक कल्याण के काम में लगा हुआ है। इसी कड़ी में महाराज श्री रावतपुरा सरकार की इच्छानुसार प्रदेश में चार ब्लड बैंक स्थापित की गईं। ताकि जरूरतमंद को समय पर रक्त मिल सके। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव कल्याण के ध्येय वाक्य को लेकर बिलासा ब्लड बैंक लोक कल्याण के काम में रत है।
रक्तदाताओं से प्राप्त रक्त को बिलासा ब्लड बैंक में आधुनिक मशीनों से जांच-परखकर सुरक्षित रखा जाता है और जरूरतमंद को मांगने पर मुहैया कराया जाता है।
विश्व रक्तदाता दिवस पर स्वैच्छिक रक्तदान करने पहुंचे सभी रक्तदाताओं का बिलास ब्लड बैंक के डायरेक्टर कर्नल श्रीधर उत्तरवार एवं उनकी टीम ने आभार व्यक्त किया।
ब्लड बैंक की ओर से रक्तदाताओं को एक कार्ड, प्रतीक चिन्ह और खाने-पीने का सामान भेंट किया गया। रक्तदान करने के बाद रक्तदाताओं के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी।
